Date:

‘यूपी में जंगलराज, कानून नाम की चीज नहीं बची’- प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में दो बच्चियों के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की घटना को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने बीजेपी (BJP) सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में जंगलराज है, जहां कानून नाम की चीज नहीं बची है।

उन्होंने यह दावा भी किया कि उत्तर प्रदेश में पीड़ित बच्चियां-महिलाएं अगर न्याय मांगती हैं तो उनके परिवारों को बर्बाद कर देना नियम बन चुका है।

प्रियंका गांधी ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट किया, ‘कानपुर में सामूहिक बलात्कार की पीड़ित दो नाबालिग बच्चियों ने आत्महत्या कर ली। अब उन बच्चियों के पिता ने भी आत्महत्या कर ली है।’ हाथरस और उन्नाव से मामले की तुलना करते हुए कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव डाला गया। उन्होंने कहा, ‘आरोप है कि पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था।’

उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में पीड़ित बच्चियां-महिलाएं अगर न्याय मांगती हैं तो उनके परिवारों को बर्बाद कर देना नियम बन चुका है। उन्नाव, हाथरस से लेकर कानपुर तक- जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार बर्बाद कर दिए गए।’
कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि इस ‘जंगलराज’ में महिला होना मात्र अपराध हो गया है, जहां कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है। प्रियंका गांधी ने सवाल किया, ‘आखिर प्रदेश की करोड़ों महिलाएं क्या करें, कहां जाएं?’

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top