चार करोड़ की हेरोइन के साथ चार अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, हाईवे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गाजीपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.904 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मादक पदार्थ की खेप लेकर बनारस-गोरखपुर हाईवे के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की टीम ने अरशदपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान चार लोगों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर-भभुआ जिले के जमीर हवारी, बबलू कुमार यादव और गुलशन कुमार के रूप में हुई है। वहीं, चौथा आरोपी विवेक यादव गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र स्थित खजुरी गांव का निवासी है।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान के आधार पर जंगीपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब जांच के दौरान तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

इसके साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आरोपियों के संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।

Back To Top