14 लाख की लूट में दो और आरोपी गिरफ्तार, चंबा और पटेलनगर से दबोचे गए बदमाश, 70 हजार बरामद

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को टिहरी गढ़वाल के चंबा से और दूसरे को पटेलनगर क्षेत्र से पकड़ा है। इनके कब्जे से लूट की रकम में से कुल 70 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक पुलिस पांच आरोपियों को पकड़कर कुल 2.20 लाख रुपये बरामद कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद 9 नवंबर को पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से लूटे गए 1.50 लाख रुपये बरामद हुए थे।

मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 10 नवंबर को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें कर्ण यादव (24) निवासी मूल रूप से बहराइच, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी देहराखास, देहरादून को चंबा, टिहरी गढ़वाल से पकड़ा गया। उसके पास से 32 हजार रुपये बरामद हुए।

वहीं, दूसरे आरोपी सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू (23) निवासी नई बस्ती, गांधीग्राम, पटेलनगर को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 38 हजार रुपये बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और कुल 2.20 लाख रुपये की बरामदगी हुई है। वारदात में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

Back To Top