लोनी में 50 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद

लोनी। गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक किलो 10 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दिल्ली के गाजीपुर इलाके से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद की है।

एसीपी लोनी राम किशन राना के अनुसार, मंगलवार तड़के ट्रोनिका सिटी पुलिस खड़खड़ी रोड अंडरपास के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से स्कूटी पर आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि उसके चोरी होने का मुकदमा दिल्ली के गाजीपुर थाने में दर्ज है। पूछताछ में आरोपी की पहचान ट्रोनिका सिटी के अगरौला निवासी मदन उर्फ बच्ची के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 20 दिन पहले गाजीपुर से स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली, जिसमें दो पैकेट में रखी एक किलो 10 ग्राम चरस मिली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के खजूरी फ्लाईओवर से चरस लाता था और उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ट्रक व टेंपो चालकों के साथ नशा करने वाले लोगों को बेचता था।

एसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, गैर इरादतन हत्या, हत्या के प्रयास के दो मामले, आर्म्स एक्ट के दो मामले और चोरी सहित कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Back To Top