योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागा आरोपी, पीछा कर दबोचा; 21.91 ग्राम स्मैक बरामद
देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 21.91 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत छह लाख रुपये से अधिक बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को कोतवाली ऋषिकेश की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ऋषिकेश बाईपास रोड पर योगनगरी रेलवे स्टेशन से आगे एआरटीओ कार्यालय के पास गंगानगर रेलवे अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर जंगल और रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा कर जंगल में करीब 30 मीटर अंदर से उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 21.91 ग्राम अवैध स्मैक, सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन और 290 रुपये नकद बरामद हुए।
सहारनपुर से स्मैक बेचने आया था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खुर्रम पुत्र इनाम, निवासी शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सहारनपुर में फेरी लगाने का काम करता है और स्थानीय लोगों को बेचने के लिए स्मैक लेकर ऋषिकेश आया था।
NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 550/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया है। बरामद स्मैक के स्रोत और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकसित पंवार, कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल सोहन सिंह शामिल रहे।


