कानपुर में दवा कारोबारी की हत्या का खुलासा, बहू ने 6 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या

कानपुर। दवा कारोबारी विपिन मिनोचा की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की बहू शालू ने पुराने नौकर विशाल गौतम को छह लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि शालू को भी हिरासत में लिया गया। सोमवार को तीनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि शालू की नजर अपने ससुर की संपत्ति पर थी। उसने कथित तौर पर पुराने नौकर विशाल को हत्या के लिए छह लाख रुपये देने का वादा किया था। साजिश के तहत उसने करीब 15 दिन पहले फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी भी बनवाकर आरोपितों को दी थी, ताकि वे आसानी से अंदर पहुंच सकें।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि शुरुआत में कारोबारी की हत्या इस तरह करने की योजना थी कि मामला प्राकृतिक मौत या हार्ट अटैक का लगे। इसके लिए कारोबारी के सो जाने के बाद तकिये से उनका मुंह और नाक दबाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, वारदात वाली रात परिस्थितियां बदल गईं।

आरोपितों के मुताबिक, घटना के दौरान विशाल और उसका साथी राजकिशोर कारोबारी के बेटे सुब्रत के बेडरूम में छिपे थे। तभी विपिन मिनोचा कमरे में पहुंचे और लाइट जलाने के लिए स्विच ऑन कर दिया। पहचान लिए जाने के डर से राजकिशोर ने उनके हाथ पकड़ लिए और विशाल ने चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी।

जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की सुपारी का सौदा 20 दिन पहले तय हुआ था। योजना के मुताबिक रविवार को दो लाख रुपये और करीब 15 दिन बाद बाकी रकम देने की बात हुई थी। शालू मूल रूप से लखनऊ के ठाकुरगंज की रहने वाली बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, शालू अपने पति सुब्रत के साथ कारोबारी के घर में रहती थी। उसका आरोप था कि सुब्रत परिवार के इकलौते बेटे होने के बावजूद पिता उसे अन्य कर्मचारियों की तरह ही डांटते थे और केवल 35 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देते थे। शालू को घर खर्च के लिए 10 हजार रुपये मिलते थे और उसका भी हिसाब लिया जाता था। पुलिस इन परिस्थितियों को हत्या की साजिश के पीछे संभावित कारण के तौर पर जांच रही है।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, शालू ने गार्ड को निर्देश दिया था कि यदि विशाल आए तो उसकी एंट्री रजिस्टर में दर्ज न की जाए। इसी बिंदु से पुलिस को मामले में अहम सुराग मिला। सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों के आने-जाने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने पुराने नौकर विशाल की पहचान की।

पुलिस की पूछताछ और जांच आगे बढ़ने पर हत्या की साजिश में बहू शालू की कथित भूमिका सामने आई। हालांकि, पुलिस कारोबारी के बेटे सुब्रत की संभावित संलिप्तता समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Back To Top