नई दिल्ली – दक्षिणी दिल्ली में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन चोरी निरोधक दस्ते (AATS) ने मध्य प्रदेश के कुख्यात पारदी गैंग के छह सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई चिराग दिल्ली के पास जहांपनाह फॉरेस्ट इलाके में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य इलाके में छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी और बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान गैंग के तीन सदस्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बाकी आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह हाल ही में मालवीय नगर में एक व्यापारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी और जेवर लूट की वारदात में शामिल था। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में आक्रोश था और पुलिस पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का दबाव बना हुआ था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनसे कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। इस कार्रवाई को दक्षिण जिला पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

