4 दिन, 70 सीटें और भाजपा का मेगा जनसंपर्क अभियान

आयुषी

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करने का फैसला किया है। 13 से 16 जून के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर दो दिवसीय प्रवास करेंगे। इस दौरान भाजपा नेता न केवल कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे, बल्कि आम जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुनेंगे।पार्टी इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रव्यापी जनजागरण कार्यक्रम का हिस्सा मान रही है। भाजपा का लक्ष्य पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में नया इतिहास रचने की दिशा में बढ़ रहे मोदी के नेतृत्व को लेकर जनता में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी।

भाजपा के इस विशेष अभियान के तहत मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दो दिन तक प्रवास करेंगे। इस दौरान बूथ और मंडल स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जाएंगी। संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जनता के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए प्रयास करने पर भी जोर दिया जाएगा।पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा वार जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और वरिष्ठ नेता सुरेश भट्ट बाजपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवास करेंगे।भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और दिनेश आर्य हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह और वरिष्ठ नेता राजेश शुक्ला किच्छा विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।इसके अलावा सांसद अजय भट्ट नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच पहुंचेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों को भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह पूरा कार्यक्रम तैयार किया गया है।

अभियान के दौरान पार्टी नेता जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे, साथ ही संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा का यह अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आगामी राजनीतिक रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

विधानसभा स्तर तक शीर्ष नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी यह संकेत देती है कि पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।13 से 16 जून तक चलने वाला यह विशेष प्रवास कार्यक्रम उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्रियों तक का जनता के बीच पहुंचना न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाएगा, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का भी एक बड़ा माध्यम बनेगा। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि भाजपा का यह जनसंपर्क अभियान जनता के बीच कितना प्रभाव छोड़ पाता है और संगठन को किस हद तक मजबूती प्रदान करता है।

Back To Top