UKPSC: QR Code से मिलेगी सेंटर लोकेशन

आयुषी
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने भर्ती परीक्षाओं के संचालन को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तलाशने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थी सीधे अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन तक पहुंच सकेंगे।इसके साथ ही आयोग ने दोनों भर्ती आयोगों के लिए परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम भी तैयार किया है। इस नई डिजिटल व्यवस्था के जरिए परीक्षा केंद्रों के पंजीकरण, चयन, सूचना प्रबंधन और परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन एवं अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा।आयोग द्वारा विकसित इस पोर्टल के तहत परीक्षा केंद्रों का केवल एक बार पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक नई भर्ती परीक्षा के लिए दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। इससे आयोगों को बार-बार केंद्रों की जानकारी एकत्र करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज एवं सरल हो जाएगी।परीक्षा केंद्रों का वर्गीकरण उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद परीक्षा की आवश्यकता, संवेदनशीलता और अभ्यर्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त परीक्षा केंद्रों का चयन किया जा सकेगा। इससे परीक्षा संचालन में बेहतर योजना और संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा।नई व्यवस्था की एक और महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि परीक्षा केंद्रों को पंजीकरण से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक प्रत्येक चरण की जानकारी स्वतः प्राप्त होगी। सभी आवश्यक सूचनाएं, दिशा-निर्देश और अलर्ट एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से संबंधित परीक्षा केंद्रों तक भेजे जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा केंद्र पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी, रिकॉर्ड प्रबंधन और अभिलेखों के संधारण की प्रक्रिया अधिक आसान और पारदर्शी बनेगी।आयोग के अनुसार, परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम के तहत प्रदेशभर के 200 परीक्षा केंद्रों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें अल्मोड़ा के 2, बागेश्वर के 9, चमोली के 24, चंपावत के 33, देहरादून के 31, हरिद्वार के 8, नैनीताल के 17, पौड़ी के 21, पिथौरागढ़ के 6, रुद्रप्रयाग के 13, टिहरी के 1, ऊधम सिंह नगर के 19 और उत्तरकाशी के 16 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। आयोग ने बताया कि आने वाले समय में अन्य परीक्षा केंद्रों का पंजीकरण भी इस पोर्टल पर किया जाएगा।आयोग का मानना है कि इस डिजिटल प्रणाली के लागू होने से कागजी कार्यवाही में उल्लेखनीय कमी आएगी, परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय अधिक प्रभावी होगा और परीक्षा संचालन पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के चयन में लगने वाले समय और प्रशासनिक संसाधनों की भी बचत होगी।नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ अभ्यर्थियों को मिलेगा। परीक्षा के दिन एडमिट कार्ड पर उपलब्ध QR कोड को स्कैन करते ही उनके मोबाइल पर परीक्षा केंद्र की लोकेशन खुल जाएगी, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। आयोग की इस पहल को राज्य की भर्ती परीक्षाओं में डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है

Back To Top