पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में शुक्रवार सुबह पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी पर लूट की तीन घटनाओं में शामिल होने और डायल-112 के पुलिसकर्मी को वाहन से टक्कर मारने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, सीआईए पलवल और सीआईए होडल की संयुक्त टीम को बदमाश की गतिविधियों के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने हसनपुर रोड पर गांव पिंगौड़ के नजदीक नाले की पटरी पर उसकी घेराबंदी की। पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटनास्थल से दो खाली कारतूस के खोल भी मिले हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर लूट की तीनों वारदातों और डायल-112 के पुलिसकर्मी को टक्कर मारने की घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


