आयुषी
उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। बागेश्वर जनपद में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि देहरादून, हरिद्वार समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने कई स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। सात जुलाई से 11 जुलाई तक भी पूरे उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं।रविवार को दून घाटी में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। दिनभर आसमान पर घने बादल छाए रहे, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
हालांकि, बारिश पूरे शहर में एक समान नहीं हुई। सुबह करीब 11 बजे राजपुर रोड क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिससे कुछ देर के लिए सड़कें भीग गईं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा शहर के कुछ अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में केवल बादल छाए रहे और बारिश नहीं हुई।दिनभर धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। बादलों के चलते वातावरण में ठंडक बनी रही और लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस से राहत मिली। मौसम सुहावना होने के कारण पार्कों और बाजारों में भी लोगों की आवाजाही बढ़ी।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने, नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

