बीड़ी मांगने को लेकर हुआ विवाद बना जानलेवा, तलवार के हमले में 18 वर्षीय युवक की मौत

उज्जैन/नागदा: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में रविवार रात एक बेहद मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिड़लाग्राम थाना क्षेत्र के जी ब्लॉक टापरी इलाके में महज बीड़ी मांगने को लेकर हुए झगड़े में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने तलवार से हमला कर 18 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे आरोपी मोहनलाल ढोली (50 वर्ष) नशे की हालत में जी ब्लॉक टापरी इलाके में पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात 18 वर्षीय जय प्रकाश ठाकुर से हुई। आरोपी ने जय प्रकाश से बीड़ी मांगी, जिस पर युवक ने कहा कि उसके पास बीड़ी नहीं है। इतनी सी बात पर आरोपी भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपी ने अपनी कमर से तलवार निकाली और जय प्रकाश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल जय प्रकाश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 मृतक जय प्रकाश नागदा में अपने दादा-दादी के साथ रहता था, जबकि उसके माता-पिता काम के सिलसिले में इंदौर में रहते हैं। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से बुजुर्ग दादा-दादी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों का गंभीर आरोप है कि वारदात के समय आरोपी मोहनलाल के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। हालांकि, पुलिस ने अभी मुख्य आरोपी पर ही हत्या का केस दर्ज किया है। परिजनों ने मांग की है कि घटना में शामिल सभी सह-आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेंगे।

बिड़लाग्राम थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी मोहनलाल ढोली को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उन पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back To Top