Date:

दिल्ली में कब शुरू होगी महिला सम्मान योजना, किसे मिलेंगे 1000 रुपये? जानें कैसे करना होगा आवेदन

नई दिल्ली। दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने सोमवार को महिलाओं के बड़ी घोषणा की है। वित्त मंत्री आतिशी ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 76,000 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस दौरान आतिशी ने ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ की घोषणा की, जिसके तहत 18 वर्ष और इससे अधिक आयु की सभी महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाएंगे।

सरकार ने 2024-25 से महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण को ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि किसी महिला को योजना के तहत पात्र बनने के लिए दिल्ली का मतदाता होना चाहिए। इन महिलाओं को किसी अन्य योजना का लाभ नहीं मिलना चाहिए। इसके अलावा महिला आयकरदाता भी नहीं होनी चाहिए।

इस साल जनवरी में प्रकाशित दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 67,30,371 महिला मतदाता हैं। इस घोषणा का स्वागत करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘आज दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की गई है। महिलाओं को सशक्त बनाने का यह दुनिया का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा। अब उन्हें पैसों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाएंगे।’

इस योजना को लेकर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा, ’18 साल से अधिक उम्र की महिलाएं जो सरकारी कर्मचारी नहीं हैं, जिन्हें कोई पेंशन नहीं मिलती है और जो इनकम टैक्स नहीं भरती हैं, उन्हें इसका लाभ मिलेगा। महिलाओं को एक सेल्फ-डेक्लेरेशन लेटर देना होगा। लोकसभा चुनावों के बाद योजना की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।’

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार के वित्त वर्ष 2024-25 के लिए बजट में हर क्षेत्र का ध्यान रखा गया है और आम आदमी पार्टी (आप) का शासन ‘‘राम राज्य’’ से प्रेरित है। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में करीब 67 लाख महिला मतदाता हैं। मुझे लगता है कि इससे (योजना से) करीब 45 से 50 लाख महिलाओं को फायदा होगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top