कोर्ट मैरिज के विवाद में खूनी संघर्ष, मारपीट में घायल युवक की मौत; सात गिरफ्तार

मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र में कोर्ट मैरिज को लेकर दो परिवारों के बीच चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल बंटी की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी संजना के भाई महेंद्र समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, थाना जमुनापार क्षेत्र के गोसना निवासी बंटी ने मई में जैंत क्षेत्र के कुंज नगर निवासी संजना से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

इसी बीच सोमवार को बंटी और उसके भाई शंकर के साथ मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि संजना के भाई महेंद्र समेत अन्य लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की। घटना में बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके भाई शंकर को भी चोटें आईं।

घटना के बाद बंटी की मां शीला की शिकायत पर जैंत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को बंटी की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ा दीं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजना के भाई महेंद्र समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जैंत थाना प्रभारी सोनू कुमार के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं, आरोपितों की भूमिका और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Back To Top