गोरखपुर। रेलवे कॉलोनी में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार को कौवाबाग पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे कर्मचारी के आवास में चोरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया। महज दो घंटे के भीतर पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर नकदी, आभूषण और घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल है। शाहपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वारदात रेलवे कॉलोनी स्थित आवास संख्या 565-बी में हुई। यहां रेलवे में कामर्शियल इंस्ट्रक्टर के पद पर तैनात पुरेंदु कुमार रहते हैं। उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण रेलवे अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे पुरेंदु कुमार पत्नी को देखने अस्पताल गए थे। करीब दोपहर 12 बजे जब वह घर लौटे तो पीछे का फाटक टूटा मिला।
घर के अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर करीब पांच हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, बिछिया, चांदी का सिक्का, पीतल के बर्तन और कुछ सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस चौकी के बेहद करीब दिन के समय हुई चोरी की इस घटना ने रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कॉलोनी में इससे पहले भी चार आवासों में चोरी हो चुकी है। आरोप है कि इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
लगातार हो रही वारदातों के बीच दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी किए जाने से रेलकर्मियों की चिंता और बढ़ गई है। कर्मचारियों ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पूर्व की चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और उनका खुलासा करने के लिए एंटी थेफ्ट सेल का गठन किया गया है। शहर के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमें भी बनाई गई हैं। ऐसे में रेलवे कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाएं होने और पुरानी वारदातों का खुलासा नहीं होने से एंटी थेफ्ट सेल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि रेलवे कॉलोनी में हुई चोरी की घटना की जांच कराई जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश करेगी।

