जन्माष्टमी से पहले मंदिर में चोरी, कान्हा की पीतल की मूर्तियां लेकर भागा बदमाश गिरफ्तार

गाजियाबाद। जन्माष्टमी से पहले मंदिर का ताला तोड़कर भगवान की मूर्तियां और पूजा का सामान चोरी करने वाले आरोपी को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गईं मूर्तियों समेत करीब 2.5 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करता था।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक बुधवार तड़के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में शनि मंदिर तिगरी गोल चक्कर के पास स्थित मंदिर में चोरी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के करीब छह घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान दानिश पुत्र बबलू, निवासी गांव काशी, थाना परतापुर, मेरठ के रूप में हुई। आरोपी की उम्र 24 वर्ष है और वह वर्तमान में नोएडा सेक्टर-123 स्थित राधाकुंज कॉलोनी में रह रहा था।

पुलिस पूछताछ में दानिश ने बताया कि बुधवार तड़के वह चोरी करने के इरादे से इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान उसने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर से भगवान की मूर्तियां और पूजा का सामान चोरी कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात करता है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लड्डू गोपाल की एक बड़ी पीतल की मूर्ति, राधा रानी की एक बड़ी पीतल की मूर्ति, लड्डू गोपाल की दो छोटी मूर्तियां, एक बड़ी गदा, तांबे की दो चरण पादुका, पीतल के तीन लोटे, पांच दीपक और एक घंटी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Back To Top