10% कमीशन पर बैंक खाता देने वाला ठग गिरफ्तार, करोड़ों की साइबर ठगी से पर्दा उठा

गाजियाबाद। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ठगों को 10 प्रतिशत कमीशन पर अपना बैंक खाता देने वाले लाजपतनगर निवासी पंकज को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी से अप्रैल में हुई 14.54 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है, साथ ही तीन राज्यों में हुई पांच अन्य घटनाओं का भी पता चला है।

एडीसीपी क्राइम पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को शाहपुर बम्हैटा निवासी कविता तोमर ने टेलीग्राम टास्क के जरिए कमाई के नाम पर 14.54 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस ने विजयनगर क्षेत्र से पंकज को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ऐसे गिरोह से जुड़ा है जो इंटरनेट पर टास्क पूरा करने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगता है। पंकज ने सिरोली निवासी अंकुर शर्मा को अपना बैंक खाता 10% कमीशन पर दिया था। अंकुर ने इस खाते में करीब साढ़े तीन लाख रुपये की साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराई थी, जिसे पंकज ने एटीएम से निकालकर अपना हिस्सा काटकर अंकुर को सौंप दिया।

आरोपी से पूछताछ में पता चला कि गिरोह ने तमिलनाडु में तीन, झारखंड के रामगढ़ में एक, और उड़ीसा में एक महिला से साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने पंकज के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top