नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आईजीआई हवाई अड्डा थाना और जनकपुरी थाना क्षेत्र में दर्ज फिरौती और डकैती के दो मामलों में वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी जिले के तहसील कोसली निवासी मनिंदर उर्फ मोनू उर्फ राहुल (31) के रूप में हुई है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि आरोपी ने एक व्यापारी का अपहरण कर बिटकॉइन के माध्यम से 1,30,000 रुपये की फिरौती वसूली थी और पेटीएम से 19,500 रुपये ट्रांसफर करवाए थे। दोनों ही मामलों में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए मनिंदर टप्पूखेड़ा की एक कंपनी में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है।


