भगवानपुर से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया कलश यात्रा का नेतृत्व

संत रविदास के समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, भगवानपुर में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का भी किया उल्लेख

हरिद्वार: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को हरिद्वार के भगवानपुर स्थित चुड़ियाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा की शुरुआत की और स्वयं सिर पर कलश रखकर यात्रा का नेतृत्व करते हुए कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की महानता जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से तय होती है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये के बाढ़ सुरक्षा कार्य, 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय, 8 करोड़ रुपये से नवीन तहसील भवन का निर्माण तथा स्वास्थ्य, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश सौंपकर राज्यभर में समरसता संकल्प यात्रा संचालित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Back To Top