सागर जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपित रवि लखेरा गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली

भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, रवि लखेरा जहरीली शराब तैयार करने का फॉर्मूला उपलब्ध कराता था। उसके खिलाफ बहेरिया थाने में भी अवैध शराब से संबंधित मामला दर्ज है और वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि रवि लखेरा बरायठा क्षेत्र के जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर जंगल की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर रवि ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार तड़के घायल रवि लखेरा को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

रवि लखेरा का नाम पहले भी नकली शराब से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की थी।

जांच में इस गिरोह के मध्य प्रदेश में अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े होने की बात सामने आई थी और रवि लखेरा का नाम भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया था।

Back To Top