नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर इलाके में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश कर रहे एक शातिर युवक को पटेल नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिव्यांशु के रूप में हुई है, जिसके पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले से दो मामले दर्ज हैं।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए हथियारों का प्रदर्शन करने और अपराध का महिमामंडन (glorification) करने वालों के खिलाफ पुलिस एक विशेष अभियान चला रही है। इसी निगरानी के दौरान पुलिस टीम को एक ऐसा इंस्टाग्राम अकाउंट मिला, जिस पर यह युवक चाकू लहराते हुए अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेल नगर थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण (technical analysis) और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे शादीपुर इलाके से धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दिव्यांशु ने कबूल किया कि उसने सिर्फ सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने, लोकप्रियता हासिल करने और अपने इलाके में खौफ व दबदबा बनाने के लिए ये तस्वीरें पोस्ट की थीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही मोती नगर और पटेल नगर थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

