15 अगस्त से पहले बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: बीकेआई से जुड़े पांच आतंकियों की गिरफ्तारी

जालंधर –  पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) यूनिट ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में राजस्थान के टोंक और जयपुर जिलों से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।

इनपुट मिलने के बाद सीआई जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हाथ लगी। गिरफ्तार आरोपियों पर आरोप है कि वे सात अगस्त को नवांशहर में एक शराब के ठेके पर ग्रेनेड हमला करने में शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल के तार कनाडा में बैठे बीकेआई सरगनाओं जीशान अख्तर और अजय गिल से जुड़े हैं, जो इन्हें निर्देश दे रहे थे।

इससे पहले, सीआई जालंधर ने बीकेआई से जुड़े दो अन्य गुर्गों — रितिक नरोलिया और एक किशोर को राजस्थान से पकड़ा था। उनसे पूछताछ के बाद दो और नाम सामने आए: विश्वजीत, जिसे कोलकाता एयरपोर्ट से मलेशिया भागने की कोशिश करते वक्त पकड़ा गया, और जैक्सन, जिसे नकोदर से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक 86पी हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ, जिसकी सप्लाई ब्यास से की गई थी।

पुलिस पर गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
फॉलो-अप ऑपरेशन के दौरान एक आरोपी सोनू उर्फ काली ने पुलिस टीम पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत एसबीएस नगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 109, 324(5), 61(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं 3, 4, और 5 के तहत थाना सिटी नवांशहर में एफआईआर दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top