सासनी (हाथरस)। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर बरसे गांव के पास सासनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृत पशुओं के सींगों से भरा एक संदिग्ध कंटेनर पकड़ा है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे से एक संदिग्ध कंटेनर गुजर रहा है, जिसमें अवैध माल लदा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरसे गांव के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। तलाशी लेने पर कंटेनर के अंदर बड़ी मात्रा में मृत पशुओं के सींग बरामद हुए।
वाहन के दस्तावेजों की जांच करने पर सामने आया कि कंटेनर की बिल्टी महाराष्ट्र के नासिक से उत्तर प्रदेश के संभल जिले के लिए बनी थी। शुरुआती जानकारी में माल को व्यापारिक इस्तेमाल के लिए ले जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बड़ी मात्रा में पशु अवशेष मिलने के कारण पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को देखकर चालक कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस वाहन को थाने ले आई और उसे सीज कर दिया। अब फरार चालक की तलाश के साथ कंटेनर के मालिक और बिल्टी में दर्ज फर्म से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद सींगों का स्रोत क्या है और कहीं यह मामला अवैध पशु कटान से तो जुड़ा नहीं है। मामले की जांच के लिए संबंधित विभागों को भी सूचना दी जा रही है।
सीओ सदर हिमांशु माथुर ने बताया कि बरामद सींगों की गिनती और सैंपल की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

