रत्नप्रिया
Donald Trump Tariff Policy: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बड़ा आर्थिक कदम उठाने की तैयारी में हैं, जिसका असर वैश्विक फार्मा सेक्टर पर पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार उन दवा कंपनियों पर कड़ा रुख अपनाने जा रही है, जो अमेरिकी बाजार में दवाओं की कीमत कम करने को लेकर सहमत नहीं हुई हैं। ऐसे में इन कंपनियों पर 100% तक आयात शुल्क लगाने की योजना बनाई जा रही है।
ब्रांडेड और पेटेंट वाली दवाओं पर लागू हो सकता है टैरिफ
सूत्रों के अनुसार, यह टैरिफ खासतौर पर ब्रांडेड और पेटेंट वाली दवाओं पर लागू हो सकता है। हालांकि, जिन कंपनियों ने पहले ही कीमतों को नियंत्रित करने या अमेरिका में निवेश बढ़ाने का वादा किया है, उन्हें इस सख्त कदम से राहत मिल सकती है।
फैसले का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखने की संभावना
इस फैसले का असर सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक बाजारों पर भी दिख सकता है। भारत जैसे देशों की फार्मा कंपनियों पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है। खबर सामने आते ही भारतीय शेयर बाजार में फार्मा सेक्टर के स्टॉक्स में गिरावट देखी गई, जहां कई कंपनियों के शेयर नीचे आए।
अंतरराष्ट्रीय हालत पहले से ही तनावपूर्ण
यह कदम ऐसे समय पर उठाया जा रहा है जब अंतरराष्ट्रीय हालात पहले से ही तनावपूर्ण हैं और अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष ने वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है।
अगर यह योजना लागू होती है, तो दवा कंपनियों के लिए अमेरिकी बाजार में काम करना महंगा हो सकता है, और उन्हें अपनी रणनीति में बड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं।

