होशियारपुर में ड्रग्स और हथियारों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, चार गिरफ्तार

 चंडीगढ़- होशियारपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी और अवैध हथियारों से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो विदेशी पिस्तौल, आठ मैगजीन और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ये लोग अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा थे और विदेश में बैठे अपराधियों के निर्देश पर काम कर रहे थे।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरोह ड्रग्स की तस्करी के साथ-साथ अवैध हथियारों की सप्लाई में भी सक्रिय था। स्थानीय स्तर पर ये आरोपी नेटवर्क को संचालित कर रहे थे और विभिन्न राज्यों में सप्लाई चैन को संभालते थे।

इस मामले में गढ़शंकर थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और कनेक्शन का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Back To Top