पूजा भट्ट
केदारनाथ धाम की यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए अहम अपडेट सामने आया है। इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान संचालित की जा रही केदारनाथ हेली सेवा को मानसून शुरू होने से पहले ही रोक दिया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 25 जून 2026 के बाद हेली संचालन को मंजूरी नहीं दी, जिसके चलते फिलहाल हेलीकॉप्टर सेवाएं बंद कर दी गई हैं। अब मौसम सामान्य होने के बाद सितंबर से सेवा दोबारा शुरू किए जाने की तैयारी है।
22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही हेली सेवा की शुरुआत हुई थी। इस बार उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने नई टेंडर प्रक्रिया के तहत आठ हेली ऑपरेटर कंपनियों को संचालन की जिम्मेदारी सौंपी थी। श्रद्धालुओं के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से केदारनाथ धाम तक हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
यात्रा के शुरुआती दो महीनों में हेली सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिला। 22 अप्रैल से 25 जून 2026 तक कुल 11,800 से अधिक शटल उड़ानें संचालित की गईं, जिनके जरिए 1.37 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने केदारनाथ धाम तक हवाई यात्रा की।
इस दौरान राजस ऐरा स्पोर्ट्स, ट्रांस भारत एविएशन, यूनाइटेड हेली चार्टर्स, हिमालयन हेली सर्विस, पिलिग्रिमेज एविएशन, एरो एयरक्राफ्ट, चिप्सन एविएशन और थंबी एविएशन जैसी कंपनियों ने सेवाएं संचालित कीं।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन के अनुसार, डीजीसीए की ओर से हेली सेवा के लिए केवल 25 जून तक की अनुमति दी गई थी। केदारघाटी क्षेत्र में लगातार बदलते मौसम, बढ़ती बारिश और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए सेवा अवधि को आगे नहीं बढ़ाया गया।
अधिकारियों का कहना है कि मानसून समाप्त होने और मौसम की स्थिति अनुकूल होने के बाद सितंबर 2026 से केदारनाथ हेली सेवा फिर शुरू की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को दोबारा हवाई यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।

