Date:

जगद्गुरू रामभद्राचार्य की तबीयत हुई खराब, आगरा के पुष्पांजलि अस्पताल में कराया गया भर्ती

आगरा। तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरू रामभद्राचार्य महाराज की तबीयत हो जाने के बाद उन्हें आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक रामभद्राचार्य को सुबह सीने में दर्द की शिकायत के बाद आगरा के पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें देहरादून ले जाने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी को फोन करके उनका हालचाल जाना। जगद्गुरु की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में उनके अनुयायी हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, रामभद्राचार्य महाराज की चार साल पहले हृदय बाईपास सर्जरी हो चुकी है, ऐसे में डॉक्टर हर तरह की जांच कर रहे हैं। पुष्पांजलि अस्पताल के संचालक डॉ. वीडी अग्रवाल ने बताया कि रामभद्राचार्य महाराज को वायुमार्ग से देहरादून ले जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि अभी खतरे की कोई बात नहीं है लेकिन उनके शिष्य उन्हें देहरादून ले जाना चाहते हैं, इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है।
गौरतलब है कि रामभद्राचार्य महाराज की हाथरस के गांव लाढ़पुर में रामकथा जारी है, विगत 25 जनवरी से शुरू हुई इस कथा का शुक्रवार को आखिरी दिन है। अब वह रामकथा में शामिल नहीं हो पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top