पुलिस जांच में जुटी
बिहार। पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा नगर से बुधवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां जुम्मन बाबा मजार के पास स्थित एक आम के बगीचे में प्रेमी युगल के शव एक ही पेड़ से लटके मिले। दोनों के शव आमने-सामने होने की स्थिति ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
मृतकों की पहचान वार्ड 33 निवासी असगर अली के 19 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तफा और वार्ड 35 के खैराकुट्टी निवासी गुलाब अंसारी की पुत्री सहाबुन नेशा के रूप में हुई है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। बाद में एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।
परिजनों के मुताबिक, दोनों के निकाह को लेकर मंगलवार देर रात पंचायत हुई थी, जिसमें सहमति बनने की बात कही जा रही है। ऐसे में अगली ही सुबह इस तरह की घटना सामने आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

