पैनेसिया अस्पताल में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

अभियुक्तों के कब्जे से करीब 3 लाख रूपए कीमत का चोरी का माल हुआ बरामद

देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने पैनेसिया अस्पताल में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अस्पताल से चोरी किया गया करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को अस्पताल के प्रतिनिधि रणवीर सिंह ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर एलईडी टीवी, विद्युत उपकरण, पाइप, वाल्व और अन्य सामान चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विधानसभा मार्ग स्थित एक खंडहर भवन में छापेमारी कर चोरी में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खंडहर भवन से चोरी किया गया सामान बरामद किया। बरामदगी में दो एलईडी टीवी, 17 स्टील की पानी की टोटियां, 13 स्टील एंगल कॉक/वाल्व, दो पीतल की टोटियां, 10 फायर सप्लाई नॉन-रिटर्न वाल्व, विद्युत तार, तांबे की वायर तथा एसी सप्लाई के तांबे के पाइप शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बरामद सामान की पहचान अपने अस्पताल की संपत्ति के रूप में की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम उर्फ शिबू, सोहेल, कुलदीप, सरीक उर्फ बोना और सलमान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी नशे के आदी हैं। इनमें से एक फेरी लगाने और दूसरा ठेली लगाने का काम करता है। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सामान को कबाड़ी के हाथ बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Back To Top