Date:

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का एकदिवसीय दौरा , जोशीमठ में 35 परियोजनाओं का किया लोकार्पण

देहरादून। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को एकदिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। जहां रक्षामंत्री ने भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाले जोशीमठ-मलारी हाईवे समेत देश के विभिन्न जगहों की 35 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिसमें 28 पुल और छह सड़के शामिल हैं। लोकार्पण समारोह में राजनाथ सिंह ने 670 करोड़ की लागत से बीआरओ की बनाई 35 परियोजनाओं को देश के नाम समर्पित करते हुए खुशी व्यक्त की।

बता दें कि रक्षा मंत्री दोपहर करीब 12 बजे हेलिकॉप्टर से जोशीमठ पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से ढाक पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा चाक चौबंद रही। सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय से तीन घंटे पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचे।
कुछ सीमावर्ती राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह पता लगाने के लिए हमें अध्ययन की जरूरत है कि क्या सीमावर्ती राज्यों में प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ने में दुश्मनों का हाथ है।

उन्होंने कहा, जलवायु परिवर्तन अब केवल मौसम संबंधी घटना नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा है। कहा कि सीमा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए मोदी सरकार का दृष्टिकोण पिछली सरकारों के दृष्टिकोण से अलग है।

हम सीमावर्ती क्षेत्रों को बफर जोन के रूप में नहीं मानते हैं। हमारे लिए वे हमारी मुख्यधारा का हिस्सा हैं। हम अपनी विकास यात्रा को समुद्र से सीमाओं तक ले जाना चाहते हैं। यही कारण है कि हम अपने सीमावर्ती क्षेत्रों में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे का निर्माण भी कर रहे हैं। उन्होंने बीआरओ के कार्यों की सराहना की और कहा कि बीआरओ ने 2023 में 125 परियोजनाओं को पूरा कर नया रिकॉर्ड बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top