घर में चारपाई पर मिला 75 वर्षीय महिला का शव,चोरी के बाद हत्या का शक

चंदौसी । कोतवाली क्षेत्र के कागजी मोहल्ले में अकेली रह रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार को उनका शव घर के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। परिजनों ने घर में चोरी के बाद महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कागजी मोहल्ला निवासी मेहराम अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके तीनों बेटे अपने परिवार के साथ शहर के अलग-अलग मोहल्लों में किराये के मकान में रहते हैं। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उनके छोटे बेटे नाजिम की पत्नी मीना सास का हालचाल लेने घर पहुंची।

घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था, जबकि कमरों के दरवाजे अंदर से बंद जैसे थे। मीना ने खिड़की से आवाज देकर बुजुर्ग महिला को बुलाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर वह कमरे में गई तो मेहराम चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।

मीना ने तत्काल अपने पति नाजिम को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले या बाद में कोई संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास तो नहीं आया था।

प्रभारी निरीक्षक संत कुमार ने बताया कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के बेटे नाजिम ने घर से दो बकरियां गायब होने की बात कही है। उन्होंने चोरी की आशंका जताते हुए बताया कि दो दिन पहले भी उनके घर में चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Back To Top