इंटर छात्र को गोली मारने के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

आरा। नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मठिया इलाके में इंटर के छात्र को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अनीश यादव को पटना जिले के दानापुर स्थित उसरी शिवाला मोड़ के पास एक होटल से पकड़ा। उसके पास से स्विफ्ट डिजायर कार और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अनाइठ बाजारी मोहल्ले का रहने वाला है। इस मामले में नामजद दूसरा आरोपी पवन कुमार यादव अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार ने शनिवार को बताया कि 6 सितंबर 2026 की शाम अनाइठ मोहल्ले में पाइपलाइन के पास बाइक सवार आरोपियों ने कृष राज नामक युवक को गोली मार दी थी। गोली उसकी पीठ में लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद घायल की शिकायत पर अनीश यादव और पवन कुमार यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के ठिकाने के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर डीआईयू और नवादा थाना की टीम ने दानापुर पहुंचकर अनीश यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय कृष राज अपने मोहल्ले के अमन नामक युवक के साथ बाइक से आटा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान हार्डवेयर दुकान के पास पीछे से बाइक पर आए अनीश और पवन ने कथित तौर पर उसे गोली मार दी और फरार हो गए।

पूछताछ में अनीश ने पुलिस को एक अन्य साथी जगेश यादव के बारे में जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, कांड में इस्तेमाल हथियार जगेश के पास होने की बात सामने आई है। पुलिस अब हथियार बरामद करने और फरार आरोपी पवन कुमार यादव की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Back To Top