पटना। राजीव नगर थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जमना पैलेस के नीचे खड़ी एक कार से सेवानिवृत्त इंजीनियर का गोली लगा शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पिस्टल बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के गोंडा निवासी आलोक कुमार के रूप में हुई है। आलोक कुमार इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और कोल इंडिया में जीएम के पद पर भी काम कर चुके थे। मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले आलोक कुमार सेवानिवृत्ति के बाद रांची में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन से मिलने पटना की फ्रेंड्स कॉलोनी आए थे। घटनास्थल के पास स्थित विद्या बिहार अपार्टमेंट के एफ ब्लॉक के फ्लैट नंबर 302 में उनके बहनोई विनोद कुमार रहते हैं। बहनोई के मुताबिक, आलोक कुमार दो दिन पहले रात में पटना पहुंचे थे। इससे पहले भी वह करीब 15 दिन पहले पटना आए थे।
परिवार के अनुसार आलोक कुमार की पत्नी का निधन हो चुका है, जबकि उनका बेटा बाहर रहता है। शनिवार सुबह वह टहलने के लिए निकले थे। इसके बाद कार के अंदर उनका शव मिलने की सूचना सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। कार के अंदर गोली लगा शव और पिस्टल मिलने के कारण पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के पटना आने, कार के घटनास्थल तक पहुंचने और उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। स्वजन और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक अभी मौत की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बरामद पिस्टल और गोली चलने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

