हल्द्वानी में चंदन तस्करी का भंडाफोड़, 1.40 कुंतल अवैध लकड़ी के साथ दो गिरफ्तार

हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज में वन विभाग ने चंदन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गौलापार के देवलतल्ला-बागजाला क्षेत्र में आरक्षित वन क्षेत्र के पास छापेमारी कर टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और ठिकानों से करीब 1.40 कुंतल अवैध चंदन की लकड़ी बरामद की गई है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) दीपक सिंह और उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। बुधवार रात विभाग को सूचना मिली थी कि देवलतल्ला-बागजाला क्षेत्र में कुछ लोगों के घरों में बड़ी मात्रा में चंदन की लकड़ी अवैध रूप से छिपाकर रखी गई है।

सूचना मिलते ही गौला रेंज की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान टीम ने साहिद निवासी बजरिया शेखना, कन्नौज और अनीस निवासी सेहरपुर, पीलीभीत के ठिकानों पर छापा मारा। तलाशी में दोनों के घरों से कुल 1.40 कुंतल चंदन प्रजाति की लकड़ी बरामद हुई।

वन विभाग ने बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। गौला रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

वन विभाग के अनुसार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में वन अपराध और अवैध वन उपज की तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Back To Top