कानपुर में पुलिस मुठभेड़: महिला से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

कानपुर: गुजैनी थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए महिला को उसके पति और बेटे की हत्या की धमकी देकर जेवर लूटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर रात वनपुरवा-फत्तेपुर मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीसरे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी करके दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अकरम, जावेद अख्तर उर्फ चिकना और चांदबाबू उर्फ ढल्ला (निवासी बुढ़पुर मछरिया, नौबस्ता) के रूप में हुई है। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि इन बदमाशों ने 21 जून को रविदासपुरम निवासी बिंदन देवी को बर्रा-आठ से लौटते समय गुजैनी थाने के पास रोका था। बदमाशों ने महिला को उसके पति और बेटे की फोटो दिखाकर हत्या की धमकी दी और उसका मंगलसूत्र व नकदी लूट ली। इसके बाद शातिर अपराधी चाकू की नोक पर महिला को उसकी बाइक पर बैठाकर उसके घर ले गए और वहां रखे बाकी जेवरात भी लूट कर फरार हो गए थे।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर लुटेरों की पहचान की। सोमवार रात जब पुलिस को इनके इलाके में होने की सूचना मिली, तो वनपुरवा-फत्तेपुर मार्ग पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद अकरम और जावेद अख्तर घायल हो गए, जबकि चांदबाबू को दौड़ाकर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर हैं; जावेद पर हमीरपुर, जालौन, कासगंज सहित विभिन्न जिलों में 9 और बाकी दोनों पर 7-7 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Back To Top