उत्तर प्रदेश। राज्य के अमेठी जिले में शनिवार रात दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद मामला देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर है।
पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
घटना शनिवार रात करीब 8 बजे संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मिसरौली बड़गांव की है। गांव में दो परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। उसी कड़ी में शनिवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
हमले में कल्लू यादव की मौत
आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने पहले से ही घात लगाकर हमला किया। उनके पास लाठी-डंडों और धारदार हथियार थे। हमले में 45 वर्षीय कल्लू यादव को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
झड़प में छह लोग घायल
संघर्ष में कल्लू यादव के भाई लल्लू यादव सहित छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
पहले भी हो चुके कई झगडे
मृतक के परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार पंचायतें हो चुकी हैं, लेकिन पुराना विवाद खत्म नहीं हो सका। परिजनों का आरोप है कि हमलावर सुनियोजित तरीके से पहले से घात लगाए बैठे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। गांव में सुरक्षा को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

