सेना के दो जवान पार्टी ड्रग्स तस्करी में गिरफ्तार, 15 करोड़ की एमडीएमए बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सेना में तैनात दो जवानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित पार्टी ड्रग्स मिथाइलीनडाई ऑक्सीमेथाफेटामाइन (एमडीएमए) की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जिला जालौर, राजस्थान निवासी जसराज (29) और जिला बाड़मेर निवासी थानाराम (29) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 3.080 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 15 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

सेना की पहचान का इस्तेमाल

स्पेशल सेल के अधिकारियों के अनुसार आरोपी ड्रग्स की ढुलाई के लिए सेना की पहचान का इस्तेमाल करते थे। जिस कार से मादक पदार्थों की तस्करी की जाती थी, उस पर सेना का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा था। यही नहीं, वे अपने आर्मी आईडी कार्ड और वर्दी का भी इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को संदेह न हो।

मणिपुर से दिल्ली तक तस्करी

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी एमडीएमए की सप्लाई के लिए सीधे मणिपुर से ड्रग्स लेकर आते थे और दिल्ली-एनसीआर में इसका नेटवर्क खड़ा कर चुके थे।

धौला कुआं से गिरफ्तारी

एसीपी नीरज कुमार की अगुवाई में टीम ने 24 अगस्त को धौला कुआं रिज क्षेत्र में घेराबंदी कर सेना का रजिस्ट्रेशन नंबर लगी कार रोकी। तलाशी में कार से छह पैकेटों में पैक 3.080 किलोग्राम एमडीएमए बरामद हुई। यह कार प्रभुराम के नाम से पंजीकृत है।

तैनाती और पृष्ठभूमि

थानाराम राजपूताना राइफल्स में तैनात था। वर्ष 2024 के मध्य से वह सेना से फरार चल रहा था और पिछले एक साल से पार्टी ड्रग्स की तस्करी में शामिल था।

जसराज 15वीं ग्रेनेडियर में तैनात है। वह एक महीने की छुट्टी लेकर ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था। जांच में पता चला कि वह पहले भी दो-तीन बार तस्करी कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top