आधी रात को चोरो ने कर डाला घर साफ, चुराए लाखों के ज़ेवरात

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली। यह वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं।

बरामदे में सो रहे थे घरवाले 

घटना लूणकरणसर कस्बे के वार्ड नंबर 32 में स्थित शीशपाल जाट के घर में शुक्रवार आधी रात में हुई। परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे, इसी बीच अज्ञात चोर घर की पीछे वाली दीवार फांदकर अंदर घुसे और एक कमरे का ताला तोड़ दिया।

लाखों के जेवर हुए चोरी

कमरे में रखे बक्सों से चोर करीब 15-20 हजार रुपये नकद के साथ करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ले गए। चोरी किए गए जेवरात में 10 तोले की सोने की मोहर, 2 तोले का कड़ा, 4 सोने की अंगूठियां, डेढ़ तोले के झुमके, बाली, लूंग, बच्चों के छोटे आभूषण और 900 ग्राम चांदी की पाजेब शामिल हैं। इतना ही नहीं, चोर घर से हिसाब-किताब की एक डायरी भी उठा ले गए है।

सीसीटीवी में कैद हुए चोर

शनिवार सुबह जब परिजन जागे और दरवाजा खुला देखा, तब चोरी का खुलासा हुआ। सूचना पर थानाधिकारी गणेश कुमार मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए।पास के मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में रात 2:27 बजे दो चोर घर के पीछे दीवार के पास खड़े दिखे। कुछ ही देर बाद एक चोर दीवार फांदकर अंदर गया और लगभग 35 मिनट बाद सफेद कपड़े की पोटली लेकर वापस लौटा, जिसे उसने बाहर खड़े साथी को थमा दिया।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top