महंगाई की चक्की में पिसता आम आदमी

मोनिका

यह एक जाना-पहचाना तथ्य है, जिसे आसान शब्दों में समझाया गया है। मुद्रास्फीति (Inflation) का मतलब है कि जब बाजार में बहुत सारा पैसा होता है लेकिन चीजें कम होती हैं, तो अधिक पैसा कम चीजों को खरीदने की कोशिश करता है। नतीजा यह होता है कि लोगों को जरूरी चीजें ज्यादा महंगे दामों पर खरीदनी पड़ती हैं।
जैसे अगर पहले कोई चीज़ 50 रुपये में मिलती थी, तो अब वही चीज़ 100 रुपये में मिल रही है। ऐसे में आम आदमी के पास दो ही रास्ते होते हैं – या तो महंगे दामों पर चीजें खरीदे, या फिर उनका इस्तेमाल कम कर दे।

इसे एक आसान उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए कि 2015 में आपके पास 100 रुपये का एक नोट था, और वही नोट 2025 में भी 100 रुपये का ही है। लेकिन इन 10 सालों में महंगाई बढ़ गई है।
अगर 2015 में किसी चीज़ की कीमत 10 रुपये थी, और अब वही चीज़ 50 रुपये की हो गई है, तो पहले 100 रुपये में आप 10 चीजें खरीद सकते थे, लेकिन अब उतने ही पैसों में सिर्फ 2 ही चीजें मिलेंगी। यानी नोट का मूल्य (Face Value) तो वही है, लेकिन उसकी खरीदने की ताकत (Purchasing Power) कम हो गई है।

आपके हाथ में मौजूद नकद और बैंक में जमा पैसा धीरे-धीरे अपनी वास्तविक कीमत खोने लगता है, क्योंकि चारों तरफ चीजों की कमी हो जाती है, खासकर खाने-पीने की वस्तुओं की। ऐसे में कीमतें तेजी से बढ़ती हैं।
आम आदमी, जो अपनी तनख्वाह पर निर्भर करता है और सुरक्षित निवेश जैसे फिक्स्ड डिपॉज़िट में पैसे लगाता है, वह इस महंगाई की मार झेलता है। उसकी तनख्वाह भले ही बढ़ जाए, लेकिन वह केवल बढ़े हुए खर्चों को पूरा कर पाएगा, जीवन स्तर को बेहतर नहीं बना पाएगा।

महंगाई के कई कारण हो सकते हैं – जैसे अकाल, प्राकृतिक आपदाएं, युद्ध, या फिर व्यापारियों और लोगों द्वारा जरूरी चीजों जैसे भोजन, दवाइयों की जमाखोरी। जब जरूरी चीजों की आपूर्ति कम हो जाती है, तो सरकार को कभी-कभी राशनिंग (Rationing) जैसी व्यवस्था भी करनी पड़ती है।

हालांकि, अगर महंगाई को 3% से 5% के बीच नियंत्रित रखा जाए, तो इसे स्वस्थ आर्थिक संकेत माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे चीज़ों की आपूर्ति पर ज्यादा असर नहीं पड़ता, लेकिन मांग बढ़ती है। जब मांग बढ़ेगी, तो उत्पादन और रोज़गार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top