गुरुग्राम- गुरुग्राम के सेक्टर-37 थाना क्षेत्र के अंतर्गत खांडसा गांव में शुक्रवार सुबह एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजेश के रूप में की गई है, जो स्थानीय निवासी था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की गहनता से जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। प्राथमिक जांच में राजेश के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार रात को राजेश का कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराया गया था। लेकिन शुक्रवार सुबह उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला।
सेक्टर-37 थाना प्रभारी साहिद अहमद ने बताया कि शुक्रवार देर शाम एफआईआर दर्ज कर ली गई है, और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।

