राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से तंजानिया की राष्ट्रीय सभा की अध्यक्ष ने की भेंट

नई दिल्ली। संयुक्त गणराज्य तंजानिया की राष्ट्रीय सभा की अध्यक्ष और अंतर-संसदीय संघ की अध्यक्ष डॉ. तुलिया एकसन ने 24 जुलाई बुधवार को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट की।

डॉ. एकसन का भारत में स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने उन्हें 2023-26 के लिए अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत लंबे समय से आईपीयू का सदस्य है। हमारे संसद सदस्य कार्यकारी समिति सहित इसकी विभिन्न समितियों के सक्रिय भागीदार हैं। उन्होंने संसद सदस्यों को महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने हेतु एक मंच प्रदान करने के लिए आईपीयू की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईपीयू अध्यक्ष के रूप में डॉ. एकसन सदस्य देशों के बीच समझ और संवाद को और मजबूत करेंगी तथा आईपीयू के मूल्यों और उद्देश्यों को बनाए रखने की दिशा में काम करेंगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और तंजानिया के बीच पारंपरिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। तंजानिया में भारतीय समुदाय भारत-तंजानिया मैत्री के लिए एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। इस दौरान राष्ट्रपति ने भारत की राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन के साथ हुई अपनी व्यापक चर्चाओं को भी याद जो अक्टूबर 2023 में हुई थी।
***

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top