रोहतक। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रोहतक से म्यूजिकल लाइव कार्यक्रम कराने के नाम पर 23.32 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गायक अमित मिश्रा का शो आयोजित कराने के बहाने एक इवेंट कंपनी ने बड़ी रकम तो वसूल ली, लेकिन कार्यक्रम न तो कराया और न ही पैसे लौटाए।
आईआईएम रोहतक के सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव अधिकारी रोहित चड्ढा की शिकायत पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मंगलवार को एफआईआर दर्ज की। शिकायत के अनुसार, 19 जनवरी को अशोक भगत, जो ‘कैंपस म्यूजिक फेस्टिवल’ का प्रोपराइटर है, ने अपनी टीम के साथ मिलकर शो आयोजित कराने की बात कही थी। इसके बदले में संस्थान से 23.32 लाख रुपये ले लिए गए।
शिकायत में कहा गया है कि तय तिथि पर कार्यक्रम नहीं हुआ और जब संस्थान ने बार-बार पैसे लौटाने को कहा, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। सात महीने बीत जाने के बाद भी जब रकम वापस नहीं की गई, तो संस्थान ने कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना।
शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि संस्थान की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


