निक्की हत्याकांड में नया खुलासा- जून 2024 में ही रची गई थी साजिश

ग्रेटर नोएडा – जारचा कोतवाली क्षेत्र में सामने आए एक जघन्य हत्या के मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका निक्की की हत्या की योजना कथित तौर पर जून 2024 में ही रची गई थी, जब विपिन को उसकी एक महिला मित्र के साथ संदिग्ध स्थिति में पकड़ लिया गया था।

पीड़ित परिवार के अनुसार, उस समय निक्की ने ही अपने पिता व भाइयों को सूचना दी थी कि विपिन दनकौर क्षेत्र में किसी महिला से मिलने जा रहा है। निक्की के भाई व अन्य परिजन उसका पीछा करते हुए मौके पर पहुंचे और विपिन को उस महिला के साथ पकड़ा गया। इसके बाद दोनों को पकड़कर सिरसा गांव लाया गया, जहां परिवार और रिश्तेदारों के सामने विपिन से जवाब तलब किया गया।

पारिवारिक सम्मान और तनाव

निक्की के पिता भिखारी सिंह का आरोप है कि इस घटना के बाद से ही विपिन में व्यवहारिक बदलाव आ गया था और वह निक्की के प्रति आक्रामक व अपमानजनक व्यवहार करने लगा था। निक्की व उसकी बहन कंचन को जब विपिन के प्रेम-प्रसंग की जानकारी मिली, तो उन्होंने उससे इस संबंध में बातचीत की। लेकिन विपिन ने बातचीत की बजाय झुंझलाकर उलटा उन्हें दोषी ठहराना शुरू कर दिया।

परिवार वालों का कहना है कि निक्की की सक्रियता और सच्चाई उजागर करने की कोशिश को विपिन ने अपने “मान-सम्मान” के विरुद्ध मान लिया और तभी से उसने गंभीर कदम उठाने की योजना बनानी शुरू कर दी थी।

हत्या या साजिश? पुलिस कर रही गहन जांच

पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। इस बीच, पीड़ित पक्ष द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पहले से सोची-समझी साजिश थी।

विपिन की प्रेम-प्रसंग की जानकारी मिलने के बाद जो घटनाएं सामने आईं, वे इस पूरे मामले को और भी जटिल बना रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top