नशे की लत में डूबे बेटे की हरकतों से परेशान मां ने खुदकुशी कर ली
पंजाब- पठानकोट के न्यू बैंक कॉलोनी, वार्ड नंबर 29 में एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जहाँ मनजीत कौर नामक एक महिला ने आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि वह लंबे समय से अपने बेटे की नशे की लत और घर में आए दिन के तनाव से मानसिक रूप से परेशान थीं।
पति सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा नशे का आदी था और अक्सर अपनी माँ से पैसे की मांग करता था। ऐसे ही एक विवाद के दौरान बेटे ने आत्महत्या की धमकी दी, जिससे मनजीत मानसिक रूप से और अधिक टूट गईं। उन्होंने कथित तौर पर कोई जहरीली चीज़ निगल ली।
परिवार ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पठानकोट पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बेटे अवतार सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

