शिक्षा मंत्रालय द्वारा युवा संगम के पांचवें चरण के लिए पंजीकरण पोर्टल लॉन्च

नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय ने आज एक भारत श्रेष्ठ भारत (ईबीएसबी) के तहत युवा संगम के पांचवें चरण के लिए पंजीकरण पोर्टल लॉन्च किया। यह पहल भारत सरकार द्वारा देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं के बीच संपर्क को मजबूत करने के लिए की गई है। 18 से 30 वर्ष की आयु के इच्छुक युवा, मुख्य रूप से छात्र, एनएसएस/एनवाईकेएस स्वयंसेवक, कार्यरत/स्व-रोजगार वाले व्यक्ति आदि, 2023 में शुरू की गई इस अनूठी पहल के आगामी चरण में भाग लेने के लिए युवा संगम पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2024 है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2015 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच एक सतत और संरचित सांस्कृतिक संबंध का विचार प्रस्तुत किया था। इस विचार को मूर्त रूप देने के लिए 31 अक्टूबर 2016 को एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

युवा संगम पंच प्राण के दो तत्वों – एकता में शक्ति और विरासत में गौरव को आगे बढ़ाता है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के साथ संरेखित है, जिसमें अनुभवात्मक शिक्षा और भारत की समृद्ध विविधता के ज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से आत्मसात करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

युवा संगम के पांचवें चरण के लिए भारत भर में 20 प्रतिष्ठित संस्थानों की पहचान की गई है। इन संस्थानों के प्रतिभागी, अपने-अपने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा करेंगे। राज्यों की सूची में शामिल हैं:

महाराष्ट्र और ओडिशा
हरियाणा और मध्य प्रदेश
झारखंड और उत्तराखंड
जम्मू एवं कश्मीर और तमिलनाडु
आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश
बिहार और कर्नाटक
गुजरात और केरल
तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश
असम और छत्तीसगढ़
राजस्थान और पश्चिम बंगाल
युवा संगम यात्राओं के दौरान, प्रतिभागियों को पर्यटन, परंपरा, प्रगति, परस्पर संपर्क (लोगों से लोगों का संपर्क) और प्रौद्योगिकी जैसे पांच व्यापक क्षेत्रों के तहत बहुआयामी अनुभव प्रदान किए जाएंगे। पिछले चरणों में भारी उत्साह देखा गया है, जिसमें अंतिम चरण में पंजीकरण 44,000 को पार कर गया था।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य ‘सम्पूर्ण सरकार’ दृष्टिकोण के तहत विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और राज्य सरकारों के सहयोग से संचालित किया जाना है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top