दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति समेत 7 लोगों पर केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पीड़िता के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति आमिर उर्फ कपिल समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित पक्ष की शिकायत के अनुसार, बदौली गांव निवासी शाहरुख ने बताया कि करीब ढाई साल पहले उन्होंने अपनी दो बहनों सन्नो और शबनम की शादी मकनपुर बांगर गांव के आमिर और आबिद के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों की मांगें खत्म नहीं हुईं।

शिकायत में कहा गया है कि शादी के बाद से ही दोनों बहनों को लगातार दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शुक्रवार रात सन्नो की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने दहेज के चलते उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है।

आरोप यह भी है कि सन्नो के पति आमिर के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे, जिसका विरोध करने पर वह सन्नो के साथ मारपीट करता था। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top