रत्नप्रिया
Lawrence Bishnoi: देश और दुनिया में कुख्यात नाम बन चुका है लॉरेंस बिश्नोई। एक ऐसा गैंगस्टर, जो खुद जेल की सलाखों के पीछे है, लेकिन जांच एजेंसियों के मुताबिक उसका नेटवर्क सिर्फ भारत तक सीमित नहीं, बल्कि विदेशों तक फैला हुआ बताया जाता है।
12 फरवरी 1993 को पंजाब के फाजिल्का जिले में जन्मा लॉरेंस बिश्नोई पढ़ाई-लिखाई में भी आगे रहा। उसने डीएवी कॉलेज से बीए और पंजाब यूनिवर्सिटी से एलएलबी की पढ़ाई की। लेकिन कानून की किताबें पढ़ने वाला यही शख्स आज खुद कानून और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है।
2015 से जेल में फिर भी सक्रिय गैंग
लॉरेंस बिश्नोई साल 2015 से जेल में बंद है। उस पर जबरन वसूली, हत्या और संगठित अपराध जैसे कई गंभीर आरोप हैं, हालांकि वह लगातार इन आरोपों से इनकार करता रहा है। जांच एजेंसियों का दावा है कि बिश्नोई गैंग से देशभर में 700 से ज्यादा शूटर जुड़े हुए हैं, जो अलग-अलग राज्यों में सक्रिय हैं।
सलमान खान को धमकी देने के बाद बढ़ी चर्चा
लॉरेंस बिश्नोई का नाम सबसे ज्यादा सुर्खियों में तब आया, जब बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया, जिसने इस गैंग को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और जुड़ गया एक और नया विवाद
12 अक्टूबर 2024 को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद मामला और गंभीर हो गया। इस हत्याकांड के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने खुद इसके पीछे होने का दावा किया, जिससे राजनीतिक और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
इसी बीच मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई को अपनी हिरासत में लेने की कोशिश की, लेकिन गृह मंत्रालय के आदेश के बाद हिरासत देने से इनकार कर दिया गया। इस फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए और मामले को और संवेदनशील बना दिया|
अंतरराष्ट्रीय मोड़: कनाडा की RCMP की एक गोपनीय रिपोर्ट
अब यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की एक कथित गोपनीय रिपोर्ट सामने आई है। तीन पन्नों की इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग भारत सरकार की ओर से काम कर रहा है। रिपोर्ट में भारत सरकार और बिश्नोई गैंग के कथित संबंधों का छह बार जिक्र किया गया है।
हालांकि भारत सरकार पहले भी इस तरह के आरोपों को पूरी तरह खारिज करती रही है और इन दावों के समर्थन में ठोस सबूतों की मांग कर चुकी है। यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब भारत और कनाडा के रिश्ते करीब 10 महीने के तनाव के बाद सामान्य हो रहे थे और दोनों देशों ने एक-दूसरे के यहां फिर से राजदूत नियुक्त किए थे।
दिल्ली के जिम पर फायरिंग का एक सनसनीखेज मामला
इस बीच दिल्ली से भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। पश्चिम विहार इलाके में एक जिम पर फायरिंग की गई, जिसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग से जुड़े रणदीप मलिक ने ली है। पोस्ट में जिम मालिक रोहित खत्री को धमकी दी गई है कि अगर अगली बार कॉल इग्नोर किया गया तो अंजाम और गंभीर होगा। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बड़े सवाल अब भी कायम
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई वास्तव में इतना ताकतवर है कि उसका गैंग देश और विदेश में समानांतर नेटवर्क चला रहा है? क्या यह अंतरराष्ट्रीय साजिशों का हिस्सा है या फिर आरोपों की राजनीति? और क्या कानून इस नाम से जुड़े खौफ को खत्म कर पाएगा? फिलहाल इन तमाम सवालों के जवाब जांच के दायरे में हैं और आने वाले समय में जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर सबकी नजर टिकी हुई है।


