हरियाणा विधानसभा चुनाव: कांग्रेस के टिकट पर ओलंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया लड़ सकते हैं चुनाव

चंड़ीगढ। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद राजनीतिक पार्टियां पूरी तरह से सक्रिय हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक बार फिर सत्ता में वापसी का भरोसा है, जबकि कांग्रेस भी सत्ता में वापसी के लिए पूरी कोशिश कर रही है। इन सबके बीच एक बड़ी खबर सामने आई है कि ओलंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, विनेश को चरखी दादरी और बजरंग को कांग्रेस बादली से चुनाव लड़ने का मौका दे सकती है।

राहुल गांधी से की मुलाकात
विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने हाल ही में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों पहलवानों की टिकट पक्की हो सकती है। दरअसल, कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलों के पीछे की वजह यह मानी जा रही है कि 2023 से भारतीय पहलवानों द्वारा चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शन की मुख्य वजह भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के तत्कालीन अध्यक्ष और BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह थे। पहलवानों ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया था, जिससे BJP से उनकी नाराजगी स्पष्ट हो गई थी।

किसानों के बीच पहुंची थीं विनेश
विनेश फोगाट ने पिछले शनिवार को किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर किसानों के प्रति अपना समर्थन जताया था। वह शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पहुंची थीं। इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या वह चुनाव लड़ेंगी? इस पर उन्होंने कहा कि वह राजनीति के बारे में नहीं जानतीं, लेकिन किसानों का पूरा समर्थन करती हैं। विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तब और भी जोर पकड़ गईं जब दोनों ने राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस जल्द ही हरियाणा में अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने वाली है।

चुनाव की तारीखें
हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले चुनाव आयोग ने 1 अक्टूबर को राज्य में मतदान की घोषणा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top