गाजियाबाद में युवती से मारपीट, गली में कुत्तों को खाना खिलाने पर युवक ने जड़े थप्पड़

गाजियाबाद- गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुत्र एंक्लेव में शुक्रवार देर शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवती के साथ उस समय मारपीट की गई जब वह गली में आवारा कुत्तों को खाना खिला रही थी। आरोपी की पहचान कमल किशोर खन्ना के रूप में हुई है, जिसने सार्वजनिक स्थान पर युवती को थप्पड़ मारे और दुर्व्यवहार किया।

घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो सिद्धार्थ विहार की ब्रह्मपुत्र एंक्लेव सोसाइटी का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी कार से आता है और युवती से बहस के बाद हाथापाई पर उतर आता है।

पीड़िता एक डॉग लवर बताई जा रही है, जो नियमित रूप से आवारा कुत्तों को भोजन देती है। घटना के समय भी वह कुत्तों को खाना खिला रही थी, जब आरोपी ने इसका विरोध करते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

मामले में एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने जानकारी दी कि आरोपी कमल किशोर खन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top