गाजियाबाद- दिल्ली-मेरठ रोड पर स्थित मोहन पार्क कॉलोनी में मंगलवार को ठगों ने एक चौंकाने वाली वारदात को अंजाम दिया। गहने साफ करने के बहाने दो अज्ञात शातिर ठग एक सेवानिवृत्त दरोगा और उनकी पत्नी को झांसे में लेकर लाखों रुपये के कीमती जेवरात ले उड़े। घटना दोपहर के वक्त हुई और आरोपियों की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई हैं।
मोहन पार्क निवासी नंदाबल्लभ पंत, जो उत्तर प्रदेश पुलिस से दरोगा पद से रिटायर हो चुके हैं, अपनी पत्नी नीता के साथ घर पर मौजूद थे। उसी समय बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और खुद को धातु की सफाई में माहिर बताकर जेवर चमकाने की बात कहने लगे।
विश्वास दिलाने के लिए ठगों ने एक तांबे के लोटे पर केमिकल लगाकर उसकी चमक दिखा दी। इसके बाद वे दंपती को विश्वास में लेकर घर के अंदर चले गए। वहां उन्होंने नीता से सोने के कंगन और नंदाबल्लभ से सोने की चेन मांगी और कहा कि वो इन्हें साफ कर देंगे।
ठगों ने गहनों को एक बर्तन में डालकर उसे बंद कर दिया और नंदाबल्लभ को हल्दी पाउडर लाने के लिए भेज दिया। इसके बाद दोनों ठग मौके से फरार हो गए। जब दंपती ने कुछ देर बाद बर्तन खोला, तो उसमें गहने नदारद थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान का प्रयास जारी है।
एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना के अनुसार, दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कॉलोनीवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

